बस से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को झटका
पुलिया क्षतिग्रस्त, 29 रूपए अधिक देना होगा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। फाफामऊ में बसना नाले की पुलिया क्षतिग्रस्त होने कारण से प्रयागराज से लखनऊ, फैजाबाद, प्रतापगढ़ जाने वाली रोडवेज की बसें रविवार को भी बदले हुए रूट से गईं। रूट डायवर्जन के चलते प्रयागराज से लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, फैजाबाद आदि शहरों की दूरी बढ़ गई, जिसके चलते रोडवेज ने किराए में बढ़ोतरी कर दी है।
फाफामऊ में पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण बसें सहसों के रास्ते जा रही हैं। इसके चलते प्रयागराज से लखनऊ की दूरी 27 किलोमीटर बढ़ गई। लालगोपालगंज, कुंडा, गढ़ी मानिकपुर, ऊंचाहार, रायबरेली, बछरावां का किराया 29 रुपये बढ़ा है। साधारण बस से लखनऊ का किराया 246 रुपये था जो अब 275 रुपये हो गया है। फैजाबाद रूट पर मऊआइमा, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, फैजाबाद, अयोध्या, बहराइच की दूरी 11 किलोमीटर बढ़ गई है। यहां किराए में 12 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यानी फैजाबाद का जो किराया अब तक 200 रुपये था वो 212 रुपये हो गया है। प्रतापगढ़ का किराया 77 से बढ़कर 89 रुपये किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किराए में बढ़ोतरी रविवार से लागू हो गई है।
इनसेट….
पेयजल पाइप लाइन फटने से स्थिति बिगड़ी
प्रयागराज। प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर फाफामऊ स्थित बसना पुल पर रविवार को एक बार फिर आवागमन रोक दिया गया। शनिवार को जहां पुल के नीचे मिट्टी खिसकने से रास्ता रोका गया था, वहीं रविवार को उसी स्थल पर मरम्मत के दौरान पेयजल पाइप लाइन फटने से स्थिति बिगड़ गई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने आननफानन में रास्ता रोक दिया। मरम्मत के बाद आवागमन की अनुमति दी जाएगी। पाइप लाइन फटने से तेज दबाव से पानी बहने लगा जिससे काफी मात्रा में मिट्टी भी बह गई। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पेयजल पाइपलाइन का ज्वाइंट खुला है, मरम्मत के बाद फिर से आवागमन बहाल हो जाएगा।
गौरतलब है कि मलाका से फाफामऊ के गंगा पुल तक सिक्स लेन का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में बसना नाले पर बने पुल के समीप ही एक अन्य पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। एक दिन पहले उक्त पुल के निर्माण कार्य के दौरान पास में स्थित पुल के पिलर व रपटा के बीच मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। उस समय पुल पर भारी दबाव था। लिहाजा नीचे रहे अधिकारियों, कर्मचारियों ने धीरे-धीरे वाहनों को पास कराकर आवागमन रोक दिया और वाहनों को फाफामऊ बाजार की तरफ से डायवर्ट कर दिया।