
मंत्री नन्दी ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण
विधायक निधि से बादशाही मंडी और महावीरन गली में कराए गए काम
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डयन, राजनीतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री शहर दक्षिणी विधायक नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। विकास कार्यों का लोकार्पण करने के बाद मंत्री नंदी ने बूथ अध्यक्ष एवं सेक्टर संयोजकों के आवास पर जाकर उनके परिजनों व लोगों से मुलाकात की एवं उनकी समस्या जानी। मंत्री नंदी ने विधायक निधि से बादशाही मंडी में 5.30 लाख रुपए खर्च कर कराए गए मंदिर पार्क के सुंदरीकरण कार्य और मुट्ठीगंज स्थित महावीरन गली में 3.00 लाख रुपए की लागत से कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य का लोकार्पण किया। लोकार्पण के दौरान प्रयागराज की महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नंदी भी मौजूद रहीं।
मंत्री नन्दी ने बूथ अध्यक्षों से मुलाकात करने के साथ ही व्यापारियों से भी उनके आवास पर जाकर बातचीत की और बिना डरे व्यापार करने की सलाह दी।नंदी ने कहा है कि इस साल प्रदेश में बचे हुए माफियाओं और हिस्ट्रीशीटर के ऊपर सरकार और सख्त कार्रवाई करेगी. कहा कि
ऑपरेशन नेस्तनाबूद का लक्ष्य उन अपराधियों और माफियाओं पर लागू है, जिन्होंने गलत तरीके से लोगों की जमीनें हड़पी हैं या फिर अवैध तरीके से निर्माण कार्य किया है. मंत्री नन्दी ने लव कुश केसरवानी, आदित्य केसरवानी, शत्रुघ्न जायसवाल, अशोक कुमार, गोपाल जी सोनकर के आवास पर जाकर लोगों से मुलाकात की एवं उनकी समस्याएं जानी। इस दौरान भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी झल्लर, मंडल अध्यक्ष किशोरी लाल जायसवाल, मनोज गुप्ता, सुमित वैश्य, पंकज गुप्ता, कमल कुमार केसरवानी, अनूप अग्रवाल, कुंवर केसरवानी आदि लोग मौजूद रहे।