माफिया के करीबी एजाज का तीन मंजिला मकान पीडीए ने कर दिया जमींदोज

माफिया अतीक अहमद के एक और करीबी एजाज अख्तर का तीन मंजिला आलीशान मकान पीडीए की टीम ने रविवार को गिरवा दी। मकान का नक्शा पास न होने के कारण कार्रवाई की गई। एजाज अख्तर पुत्र कुद्दूस ने धूमनगंज क्षेत्र के उमरी गांव में करीब सात सौ वर्गगज क्षेत्रफल में आलीशान मकान बनवाया था। उसने मकान का नक्शा प्राधिकरण से पास नहीं कराया था। प्राधिकरण से इसी साल मकान के ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया था। प्राधिकरण की टीम रविवार को करीब 11.30 बजे पुलिस फोर्स और पीएसी बल के साथ उमरी पहुंची। मकान में रखे सामान को निकालने के लिए आधे घंटे का समय दिया गया। उसके बाद मकान गिराने के लिए तीन जेसीबी लगाई गई। करीब साढ़े तीन बजे तक चली कार्रवाई के दौरान मकान जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई से गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Exit mobile version