कम आए श्रद्धालु, नहीं चली स्पेशल ट्रेन

 

प्रयाग स्टेशन पर होता रहा श्रद्धालुओं का इंतजार

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला के प्रथम स्नान पर्व मकर संक्रांति पर बाहर से बहुत कम श्रद्धालु आए। मेले में बाहर से आने वाली कम भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पहले स्नान पर्व पर चलाई गई पांच मेला स्पेशल ट्रेनों में 500 यात्री नहीं गए। किसी भी स्नान पर्व पर सबसे अधिक भीड़ प्रयाग स्टेशन पर होती है। इस बार प्रयाग से जाने वाली ट्रेनों में सामान्य दिनों की तरह यात्री रहे। तीन स्पेशल ट्रेनें श्रद्धालुओं के इंतजार में प्रयागराज संगम स्टेशन पर खड़ी रहीं। प्रयाग स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं का इंतजार होता रहा।
प्रयागराज रामबाग से मड़ुवाडीह के लिए चलाई गई दो मेला स्पेशल ट्रेनों में क्रमश: 11 और 18 श्रद्धालु गए। झूंसी स्टेशन पर भी श्रद्धालु नहीं दिखे। प्रयागराज जंक्शन से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सतना और कानपुर की स्पेशल ट्रेनें खाली गईं। उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे के इंतजाम पर गौर करें तो कम से कम साढ़े चार हजार श्रद्धालुओं को ट्रेनों से वापस लौटना चाहिए था। प्रयाग से लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं को वापस ले जाने का इंतजाम था।

Exit mobile version