
( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। साल के दूसरे हफ्ते से ही कंपकपाने वाली ठंड का प्रभाव दिखने लगा है। इससे दिन प्रतिदिन गलन में इजाफा हो रहा है। कोहरे ने भी अपना रंग दिखना शुरू कर दिया है।
रविवार की शाम से लेकर रात तक और सोमवार की सुबह भी जनपद में कोहरे की मोटी चादर फैली रही। गलन व कोहरे के कारण वाहन चालकों के साथ ही माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक कोहरे और ठंड का माहौल बना रहेगा। पहाड़ों में बर्फबारी के कारण ऐसे ही सर्द हवाएं चलती रहेंगी। आगामी दिनों हो सकता है कोहरे का और सघन रूप देखने को मिलेगा। रविवार को न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता की बात करें तो अधिकतम 100 और न्यूनतम 76 मापी गई। सप्ताह के आखिरी दिनों तक कोहरा का दौर जारी रहेगा। पछुआ हवाओं का कहर जारी रहेगा। रात में गलन और सुबह कोहरा देखने को मिलेगा।