श्रीराम जन्मभूमि पर मुरारी बापू और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी में हुई मंत्रणा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि व प्रख्यात कथावाचक मोरारी बापू के बीच हुई मुलाकात में श्रीराम मंदिर को लेकर चर्चा हुई।
नरेंद्र गिरि शुक्रवार सुबह मोरारी बापू से मिलने माघ मेला क्षेत्र स्थित महामंडलेश्वर संतोष दास ‘सतुआ बाबा’ के शिविर में बने ‘साधना कक्ष’ गए। वहां दोनों संतों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। लेकिन, चर्चा का केंद्र श्रीराम मंदिर थी। नरेंद्र गिरि ने कहा कि श्रीराम मंदिर का निर्माण होते देखना सौभाग्य की बात है। इसमें धन की कमी आड़े न आए, उसके लिए सनातन धर्मावलंबी आगे आएं। उन्होंने मोरारी बापू से कहा कि वो भी धन संग्रह में सहयोग करें। कथा के दौरान लोगों से श्रीराम मंदिर में सहयोग की अपील करें। मोरारी बापू ने समर्थन करते हुए कहा कि वे ऐसा करेंगे।
महंत नरेंद्र गिरि ने मोरारी बापू का कुछ महात्माओं द्वारा विरोध करने को अनुचित बताया। कहा कि श्रीकृष्ण-बलराम को लेकर मोरारी बापू पहले ही अपनी सफाई दे चुके हैं। ऐसे में अनायास विवाद खड़ा करना अनुचित है। महामंडलेश्वर संतोष दास ने बताया कि मोरारी बापू से पूर्व न्यायमूर्ति गिरिधर मालवीय सहित कई महात्माओं ने मुलाकात की। फिर बड़े हनुमान जी का दर्शन-पूजन करके उन्होंने गोरखपुर के लिए प्रस्थान किया।

Exit mobile version