माघ मेले में संतों के आश्रम से चोरी करने वाले शख्स को मेला पुलिस ने पकड़ लिया

कोलकाता की बुजुर्ग महिला का मोबाइल व सामान गायब किया था

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला में दूर-दूर से श्रद्धालु संगम में स्‍नान करने आते हैं। साधु, महात्‍मा भी यहां आते हैं। वहीं माघ मेला क्षेत्र में चोर और उचक्‍के भी सक्रिय हो गए हैं। माघ मेले में संतों के आश्रम से चोरी करने वाले एक शख्स को मेला पुलिस ने पकड़ लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। माघ मेला क्षेत्र में त्रिवेणी मार्ग पर विनायका बाबा का आश्रम साकेत बसाया गया है। यहां पर दूर-दराज से श्रद्धालु और भक्तगण आ रहे हैं। कोलकाता की एक बुजुर्ग महिला भी वहां आई हुई हैं। इसी दौरान किसी ने उनका दो मोबाइल और कुछ सामान गायब कर दिया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन किया और फिर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। तभी एक संदिग्ध शख्स की तस्वीर पुलिस की नारकोटिक्स टीम को मिल गई।
तस्वीर के आधार पर संदिग्‍ध की तलाश शुरू हुई। सोमवार देर रात मनीष त्रिपाठी पुत्र अवध नारायण को गिरफ्तार कर लिया गया। वह जार्जटाउन थाना क्षेत्र के सोहबतियाबाग का रहने वाला है। मेला को नोडल अधिकारी व एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मनीष के कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने कुछ और स्थानों से चोरी करने बात कबूल की है, जिसे तस्दीक किया जा रहा है।

Exit mobile version