
( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला क्षेत्र के अक्षयवट मार्ग पर बुधवार को दत्तात्रेय संस्था के शिविर का भूमि पूजन हुआ। पूजन जूना अखाड़े के संरक्षक व अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरि ने किया।
इस मौके पर महंत हरि गिरि ने प्रयागराज के सभी प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार की बात कही। उन्होंने सरकार से मांग रखी कि प्राचीन मंदिरों के आसपास एक भव्य हॉल बनवा कर शौचालय, प्रकाश आदि का बंदोबस्त करा दिया जाए। जिससे आसपास के लोगों को रोजगार भी मिल सके और प्रयागराज में पर्यटन को बढ़ावा मिले। हरि गिरि ने कहा कि प्रयागराज में भरद्वाज मुनि के आश्रम का विशेष महत्व है। ऐसे ही सभी प्राचीन मंदिरों को अगर सरकारी तौर पर विकसित किया जाएगा तो प्रयागराज के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि मंदिरों के आसपास हॉल बनवाने से वहां सभी वर्ग के लोग शादी समारोह करा सकेंगे। इन मंदिरों का सौंदर्यीकरण कर पर्यटन विभाग अपनी वेबसाइट पर दर्ज करे, जिससे प्रयागराज आने वाले लोग केवल संगम नहाकर न जाएं, पर्यटक एक दो दिन यहां के मंदिरों में दर्शन के लिए ठहरें, इससे प्रयागराज के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।