आज 7000 स्वास्थ्यकर्मियों का होगा टीकाकरण

 

जनपद के 40 स्वास्थ्य केन्द्रों पर वैक्सीनेशन की तैयारी

मोबाइल पर भेजे गए मैसेज, टीका की पर्याप्त डोज तैयार

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। गुरुवार को 7000 स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण की तैयारी है। जिले के कुल 40 स्वास्थ्य केंद्रों में इसके लिए 60 सत्र की व्यवस्था की गई है। लक्ष्य को समय रहते हासिल करना स्वास्थ्य विभाग के लिए अब बड़ी चुनौती है इसलिए प्रत्येक सत्र में 100 लोगों को टीके लगाने की व्यवस्था बदलकर 125 तक कर दी गई है। बुधवार शाम समीक्षा करते हुए उच्चाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में नामित सभी लोगों को टीके लगवाने के लिए सत्र स्थल पर आना होगा।
टीके लगाए जाने का यह प्रथम चरण में दूसरा दिन होगा। 22 जनवरी को 3121 लोग टीका लगवाने पहुंचे थे जबकि इससे पहले 16 जनवरी को लांचिंग अवसर पर 425 हेल्थ केयर वर्कर ने टीके लगवाए थे। टीके इस बार गंगापार और यमुनापार के सभी ब्लाकों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाए जाएंगे। जबकि शहर के सरकारी अस्पतालों एसआरएन, काल्विन, डफरिन, बेली, रेलवे अस्पताल, कमला नेहरू मेमोरियल ट्रस्ट हास्पिटल, नाजरेथ, जीवन ज्योति, नारायण अस्पताल, वात्सल्य, फीनिक्स, साकेत, यशलोक, नारायण स्वरूप, प्रयाग हास्पिटल में भी लगाए जाएंगे।
जिन स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जाने हैं उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज भेज दिए गए हैं। इन सभी को टीकाकरण के समय पर पहचान पत्र लेकर पहुंचना होगा जो उन्होंने रजिस्ट्रेशन के समय उपलब्ध कराए थे। टीकाकरण के नोडल डॉ. राहुल सिंह ने कहा कि वैक्सीन की दूसरी खेप आने के बाद अब पर्याप्त डोज रिजर्व है। पहला चरण पूरा करने के लिए समय कम है और हेल्थ केयर वर्कर अधिक, इसलिए प्रत्येक दिन लाभार्थियों की संख्या बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version