सीटीईटी: पेपर लीक का मुख्य सरगना गिरफ्तार

एसटीएफ और आगरा पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई

मोबाइल से मिली विकास की प्रतापगढ़ में लोकेशन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) का पेपर लीक करने के मुख्य आरोपित विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) और आगरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे उसके गृह जनपद प्रतापगढ़ से पकड़ा। उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी चल रही है।
मंगलवार को आगरा पुलिस ने सीटीईटी पेपर लीक करने और उसके जरिए धोखाधड़ी के आरोप में कोचिंग संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला था कि परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले प्रयागराज से सरगना विकास यादव ने परीक्षार्थी मोहित यादव के वाट्सएप पर पेपर भेजा था। फिर मोहित ने अपने साथी और फिर दूसरे लोगों के जरिए पेपर कोचिंग संचालक विकास शर्मा तक पहुंचा दिया। इस आधार पर पुलिस ने विकास यादव को गैंग का सरगना माना। उसके मोबाइल नंबर की लोकेशन खंगाली गई तो वह प्रयागराज में मिली। आगरा पुलिस को लगा कि विकास प्रयागराज का रहने वाला है। हालांकि जब उसकी तलाश में एसटीएफ लगी तो पता चला कि वह प्रतापगढ़ का रहने वाला है।
आगरा पुलिस के साथ एसटीएफ ने प्रतापगढ़ में छापेमारी करते हुए उसे दबोच लिया। उसने कुछ और लोगों के नाम बताए हैं। अब पुलिस और एसटीएफ टीम दूसरे आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि इस संबंध में टिप्पणी से जिम्मेदार अधिकारी बच रहे हैं।

Exit mobile version