
संघ प्रमुख मोहन भागवत भी आयोजन में होंगे शामिल ।
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के आनुषांगिक संगठन गंगा समग्र की बैठक 18 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगी। माघ मेला क्षेत्र में होने वाली इस बैठक में छह प्रांतों के करीब 600 स्वयंसेवक शामिल होंगे। सभी ‘गंगा हमारे लिए हम गंगा के लिए’ विषय पर मंथन करेंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत भी आयोजन में शामिल होंगे। वह 19 फरवरी की रात प्रयागराज पहुंचेंगे और 20 फरवरी को स्वयंसेवकों व पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. मुरारजी त्रिपाठी ने बताया कि गंगा समग्र प्रकल्प नदियों, पर्यावरण, जैविक खेती, भूगर्भ का गिरता जलस्तर रोकने व जल संरक्षण जैसे विषयों पर कार्य कर रहा है। मेला क्षेत्र में होने वाली राष्ट्रीय बैठक में गंगा हमारे लिए हम गंगा के लिए विषय को लेकर मंथन होगा और कार्ययोजना भी बनेगी। इसमें बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड तथा दिल्ली के कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल होंगे। खासकर जिला संयोजक, आयाम प्रमुख, प्रांत कार्यकारिणी आयाम प्रमुख व अन्य पदाधिकारी 18 फरवरी तक परेड मैदान स्थित पंडाल में पहुंच जाएंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन उसी दिन शाम को होगा। उद्घाटन सत्र में स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, रज्जू भैया विश्वविद्यालय के कुलपति केएन सिंह भी शामिल होंगे।
गंगा समग्र के क्षेत्र संयोजक चिंतामणि सिंह ने बताया कि 19 फरवरी की दोपहर कार्ययोजना के संबंध में पहली बैठक होगी। शाम 7 बजे से संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। 20 फरवरी को प्रात: 8:30 बजे से 12:30 बजे तक दो सत्रों में सर संघचालक मोहन भागवत का संबोधन होगा।