माघ मेला क्षेत्र में आग लगने से कई टेंट खाक

 

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। कई टेंट जलकर हुए खाक।

 

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला क्षेत्र में शनिवार दोपहर आग लगने से कई टेंट खाक हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने जब तक आग पर काबू पाया वहां रखा सारा सामान जल चुका था। आग लगने का कारण साफ नही है। प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जाता है मेला क्षेत्र के सेक्टर नम्बर चार के मोरी मार्ग पर मनीष कुमार त्रिपाठी का कल्पवासी शिविर है। वहां अलग-अलग स्थान से आकर लोग कल्पवास करते हैं। सभी कल्पवासी का अलग अलग टेंट है, जहां अपनी जरूरत का सामान रखते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर अचानक एक टेंट में आग लग गई। इससे वहां अफरातफरी मच गई। लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए आग बुझाने में जुट गए, मगर आग विकराल हो गई और एक एक कर कई टेंट को अपनी चपेट में ले लिया।
तब तक वहां पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई और किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से कल्पवासियों का टेंट में रखा पूरा सामान जल गया। पुलिस का कहना है कि करीब सात आठ टेंट जले हैं। कारणों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version