राहुल के खेल से आनंद शुक्ला क्लब सेमीफाइनल में

जस्टिस एस.आई. जाफरी टी-20 कैशमनी क्रिकेट प्रतियोगिता

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। राहुल राजपाल के हरफनमौला खेल (56 रन नाबाद एवं हैट्रिक सहित पांच विकेट) की बदौलत आनंद शुक्ला क्लब ने राही स्पोर्ट्स को नौ विकेट से रौंदकर जस्टिस एस.आई. जाफरी टी-20 कैशमनी क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
एमआईसी मैदान पर शनिवार से शुरू हुई प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में राही स्पोर्ट्स ने 20 ओवर में 111 रन (रवींद्र आनंद 35, अखिल यादव 20, राहुल राजपाल 5/23) बनाये। जवाब में आनंद शुक्ला क्लब ने 11.2 ओवर में एक विकेट पर 114 रन (राहुल राजपाल 56 नाबाद, बृजेंद्र त्रिपाठी 28 नाबाद, शिवम 1/18) बना लिये। यूपी एवं रेलवे के पूर्व रणजी क्रिकेटर असलम अली ने राहुल को मैन ऑफ दि मैच के रूप में 1500 रुपये का नगद पुरस्कार दिया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुनीत कुमार ने किया। आयोजन समिति के सचिव अधिवक्ता नज़रुल इस्लाम जाफरी एवं आयोजन सचिव शमशेर अली (चंदा) ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर न्यायमूर्ति विपिन दीक्षित, न्यायमूर्ति नीरज तिवारी, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन प्रेम प्रकाश, पूर्व विधायक हाजी परवेज अहमद, अपर महाधिवक्ता विनोद कांत, पूर्व अपर महाधिवक्ता कमरुल हसन सिद्दीकी, वरिष्ठ अधिवक्ता इमरान उल्ला, प्रभाकर अवस्थी, फुजैल हाशमी आदि मौजूद रहे। मैच में शिशिर मेहरोत्रा एवं मो. आरिफ ने अंपायरिंग एवं खुर्शीद अहमद राईन व अभिषेक यादव ने स्कोरिंग की। कमेंट्री अनवर सिद्दीकी व अरशद अल्वी ने किया। रविवार को एडवोकेट क्लब का मुकाबला मैक एकादश से होगा।

Exit mobile version