प्रयागराज पहुंची कोविशील्ड की 21 हजार डोज

बेली स्थित सेंटर में रखी गई वैक्सीन की चौथी खेप।

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना से लडऩे को शासन ने प्रयागराज को वैक्सीन की चौथी खेप भेज दी है। शनिवार देर शाम कोविशील्ड की 21 हजार डोज यहां पहुंची। वाराणसी स्थित डिपो से वैक्सीन रात साढ़े आठ बजे बेली स्थित वैक्सीन सेंटर में रखी गई। इससे पहले सुबह तकरीबन साढ़े सात बजे स्वास्थ्य विभाग की एक टीम वाराणसी रवाना हुई थी। साथ में पुलिस के जवान भी अलग गाड़ी में गए थे। चार नीले रंग के आइसबॉक्स में वैक्सीन रखी थी। इससे पहले प्रयागराज को वैक्सीन की आपूर्ति तीन बार हो चुकी है। पहली खेप में 32,150, दूसरी बार 26 हजार डोज दी गई थी। तीसरी बार में कोविशील्ड व कोवैक्सीन की डोज भेजी गई थी। कोरोना को हराने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज देने का सिलसिला सोमवार से शुरू होगा। 16 जनवरी को टीका लगवाने वाले 425 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी व अंतिम डोज दी जाएगी। नियमानुसार, पहली डोज के 28 दिन बाद दूसरी बार टीका लगना है। इसके अलावा छूटे स्वास्थ्य कर्मियों को भी टीका लगाया जाएगा। कोरोना वैक्सीनेशन के प्रभारी डॉ. ऋषि सहाय के अनुसार, 16 जनवरी को पहला टीका लगवाने वाले कर्मियों को दूसरा टीका लगाया जाएगा। जिन स्वास्थ्य कर्मियों को अबतक किसी भी कारण से टीका नहीं लगा है, उनके लिए यह अंतिम मौका है। अस्पताल, क्लीनिक संचालकों के अलावा सभी स्वास्थ्य कर्मियों से टीका लगवाने की अपील की गई है।

Exit mobile version