बजरंग चौराहे पर दिनदहाड़े दुकानदार समेत दो युवकों को गोली मार दी

घायल दुकानदार की मौत।दूसरे युवक को गोली लगने से जख्मी।

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। थाना जॉर्ज टाउन अंतर्गत बजरंग चौराहे पर सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक ने दुकानदार समेत दो युवकों को गोली मार दी। घायल दुकानदार की मौत हो गई जबकि बीच-बचाव में पहुंचा युवक गोली लगने से जख्मी है। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने छानबीन की। आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। घर वालों ने आरोप लगाया कि रंगदारी न देने पर गोली मारकर हत्या की गई है । पुलिस ने बताया कि अल्लापुर बजरंग चौराहा के रहने वाले जगदीश केसरवानी के बड़े बेटे शोभित केसरवानी की पान की दुकान है। सोमवार को दिन 11:30 बजे शोभित अपनी दुकान पर बैठा था। उसी समय आरोपी युवक असलहा लेकर दुकान पर पहुंचा और शोभित से झड़प करने लगा। उसी वक़्त किराए पर रहने वाला कौशांबी का प्रतियोगी छात्र सत्यम मिश्र बीच-बचाव में पहुंच गया। इस बीच आरोपी ने ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से शोभित की मौत हो गई जबकि सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान करने में लगी है।

Exit mobile version