प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। दहेज के लिए युवती की हत्या की सूचना पर रविवार शाम को पुलिस महकमे में खलबली मच गई। कीडगंज पुलिस ने पीडि़त की सूचना पर दारागंज घाट से चिता पर रखा महिला का शव उतरवा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवती की दहेज हत्या की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
कीडगंज पुलिस ने बताया कि चौखंडी के रहने वाले जटा शंकर पाठक ने अपनी बेटी रागिनी की शादी दारागंज के एक युवक से की थी। रविवार शाम को उन्होंने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बेटी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। बेटी के ससुराल वाले बिना उनको सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार दारागंज घाट पर कर रहे हैं। इस सूचना पर कीडगंज पुलिस दारागंज घाट पर पहुंच गई। वहां पर चिता पर महिला का शव रखा था। आग लगाने की तैयारी चल रही थी। लेकिन पुलिस ने रागिनी के ससुरालवालों को रोक दिया और शव को कब्जे में ले लिया।
कीडगंज पुलिस की मानें तो रागिनी के ससुराल वालों का कहना था कि पिछले कुछ महीनों से वह बीमार थी। शहर के निजी और सरकारी अस्तपाल में इलाज हुआ था। उसके इलाज के लिए घरवाले लखनऊ भी गए थे लेकिन वह ठीक नहीं हुई। शहर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।