वसंत पंचमी पर संगम में स्‍नानार्थियों की उमड़ी भीड़

( अनुराग शुक्ला/अनंत पांडे ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला में चौथे स्‍नान पर्व वसंत पंचमी पर संगम स्‍नान आज मंगलवार को जारी है।

गंगा के इन घाटों पर स्‍नानार्थियों की भीड़ उमड़ी

गंगा, यमुना व अदृश्य सरस्वती के पावन संगम में पुण्य की डुबकी लग रही है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु भोर से स्नान, दान कर रहे हैं। सूर्योदय के बाद संगम के अलावा गंगा घाटों पर स्नानार्थियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। वहीं दूसरी ओर वाग्‍देवी यानी मां सरस्‍वती की आराधना भी भक्‍त कर रहे हैं।
वसंत पंचमी पर गंगा के रामघाट, दशाश्वमेध घाट, दारागंज, गंगोली शिवालय, ओल्ड जीटी, फाफामऊ के अलावा अरैल के घाट पर स्नार्थियों की भारी भीड़ है। श्रद्धालु स्नान के बाद तीर्थपुरोहितों के निर्देशानुसार दान-पुण्य करके मनोवांछित फल की प्राप्ति की कामना कर रहे हैं।
मान्यता है कि वसंत पंचमी पर्व पर संगम में स्नान करके दान करने से भक्तों को दैहिक, दैविक व भौतिक कष्टों से मुक्ति मिलती है। ग्रह-नक्षत्रों की अद्भुत जुगलबंदी से स्नान पर्व का महत्व कई गुना बढ़ गया है।
माघ मेला के चौथे स्नान पर्व वसंत पंचमी के लिए मेला प्रशासन ने रात तक तैयारी पूरी कर ली थी। इस पर्व के लिए भी मौनी अमावस्या की तरह ही 8000 फीट का स्नान घाट तैयार किया गया है। इस बीच गंगा का पानी स्थिर रहा तो घाट सही सलामत रहे। संगम और गंगा के दोनों तरफ बने घाटों पर सुबह से स्नान शुरू हो गया। स्नान के लिए रात से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। सूर्य उदय होने के साथ भीड़ कुछ बढ़ी और संगम तट स्नानार्थियों से भर गया।

Exit mobile version