
जल्द लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे और डिस्प्ले बोर्ड
स्मार्ट सिटी मिशन ने विस्तारित क्षेत्र में शुरू कराया सर्वे
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नैनी, झूंसी और फाफामऊ क्षेत्र भी जल्द तीसरी आंख की जद में आएंगे। इन इलाकों में सीसीटीवी कैमरे और डिस्प्ले बोर्ड लगाने के लिए स्मार्ट सिटी मिशन द्वारा सर्वे शुरू करा दिया गया है। सर्वे के बाद पुलिस विभाग से भी सुझाव मांगे जाएंगे। सुझाव को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में रखा जाएगा। सुझाव को स्वीकृति मिलने के बाद सीसी कैमरे और डिस्प्ले बोर्ड लगाने का काम शुरू होगा।
सीसी कैमरे और डिस्प्ले बोर्ड इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइट्रिपलसी) से जोड़े जाएंगे। इससे इन क्षेत्रों की भी ऑनलाइन निगरानी हो सकेगी। शहरी क्षेत्र में चौराहों, तिराहों के अलावा महत्वपूर्ण स्थानों पर भी सीसी कैमरे और डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। अब निगम सीमा विस्तारित क्षेत्र के नैनी, झूंसी और फाफामऊ इलाकों में भी लगाने की तैयारी स्मार्ट सिटी मिशन की है। इन इलाकों में करीब 300 से 400 कैमरे लगने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक आकलन सर्वे के बाद हो सकेगा।
स्मार्ट सिटी मिशन के अधिकारियों का दावा है कि आईट्रिपलसी की ऑनलाइन निगरानी की वजह से करीब चार दर्जन बड़ी आपराधिक घटनाओं का राजफाश जल्द करने में पुलिस विभाग को मदद मिली है। इसमें सर्विलांस सिस्टम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्मार्ट सिटी मिशन के असिस्टेंट मैनेजर विपिन सिंह का कहना है कि निगम सीमा विस्तारित क्षेत्र में सीसी कैमरे और डिस्प्ले बोर्ड लगाने के लिए सर्वे शुरू कराया गया है। बोर्ड की बैठक में स्वीकृति मिलने पर काम शुरू कराया जाएगा।