
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मेजा इलाके में एसडीएम मेजा के पेशकार राजेश पांडेय की रहस्यमय हालात में मौत हो गई। वह रविवार रात घर से निकलने के बाद लौटे नहीं थे। सोमवार सुबह उनका शव घर के ही पीछे खेत में मिला। शरीर पर चोट नहीं होने से पुलिस मान रही है कि मौत का कारण जहर हो सकता है। छानबीन की जा रही है। सूत्रों द्वारा ज्ञात हुआ है की मेजा थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी 48 वर्षीय राजेश पांडेय एसडीएम मेजा के पेशकार पद पर नियुक्त थे। रविवार रात वह नौ बजे घर से यह बताकर निकले कि एक निमंत्रण में जा रहे हैं। फिर वह घर नहीं लौटे। उनकी बाइक और हेलमेट घर के बाहर ही मिलने पर परिवार के लोगों ने माना कि वह किसी और के साथ गए होंगे। घरवाले खोजबीन करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह पुत्र सौरभ ने जेवनिया चौकी मेंं गुमशुदगी की सूचना दी। इसी बीच घर के ही पीछे खेत में गेंहू की फसल के बीच राजेश का शव पड़ा देख किसी ने शोर मचाया तो वहां भीड़ लग गई। खबर पाकर मेजा थाने की पुलिस पहुंची। फिर एसडीएम मेजा रेनू सिंह भी आ गईं। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया।