मेरठ क्रिकेट एसोसिएशन ने जीता रिज़वी कप

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रथम प्रवेशी मेरठ क्रिकेट एसोसिएशन ने गत उपविजेता हरियाणा क्रिकेट अकादमी को 8 विकेट से हराकर ऑल इंडिया आबिस एवं साकिब रिज़वी कैशमनी क्रिकेट प्रतियोगिता के ख़िताब पर कब्ज़ा जमाया।

डॉ. एएच रिज़वी डिग्री कालेज मैदान पर रविवार को खेले गए मैच में हरियाणा क्रिकेट अकादमी ने 40 ओवर में 248 रन (स्वास्तिक चिकारा 111, मयंक रावत 45, राहुल कुमार 25, विशाल ठाकुर 5/53, हर्ष त्यागी 2/51) बनाये।

जवाब में मेरठ क्रिकेट एसोसिएशन ने 36.3 ओवर में 2 विकेट पर 249 रन (शिवम बंसल 131 नाबाद, उमंग शर्मा 104 नाबाद, रौनक डबास व मंदीप एक-एक विकेट) बना लिए।
मुख्य अतिथि यूपीसीए के संयुक्त सचिव मो. फहीम एवं विशिष्ट अतिथि यूपीसीए के कोषाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने पुरस्कार विजेता टीम को एक लाख रुपये नगद एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 75 हजार एवं ट्रॉफी प्रदान की।

शिवम बंसल को मैन ऑफ द मैच एवं बेस्ट बैट्समैन, विशाल ठाकुर को बेस्ट बॉलर व मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

पूर्व रणजी क्रिकेटर उबैद कमाल, आशीष विंस्टन जैदी, असलम अली एवं कमलकांत कनौजिया कार्यक्रम के विशेष अतिथि रहे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राशिद रिजवी ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

Exit mobile version