
डिप्टी सीएम ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में नए शिक्षा सेवा आयोग का गठन किया जाएगा।
(अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि सूबे के विश्वविद्यालयों में अब कुलपति कर्मचारियों की भर्ती कर सकेंगे। अब तक उनके पास केवल शिक्षकों की भर्ती का ही अधिकार था। शासन ने कुलपति के अधिकार क्षेत्र को बढ़ाए जाने का निर्णय लिया है। अब तक सूबे के विश्वविद्यलयों में कर्मचारियों की भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए होती थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में नए शिक्षा सेवा आयोग का गठन किया जाएगा। फिर इसमें बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा आयोग का विलय किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक नए आयोग का गठन नहीं हो जाता है, तब तक भर्ती संस्थाएं अपना काम करती रहेंगी।
डॉ. शर्मा ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत 70 विश्वविद्यालयों का 70 फीसदी पाठ्यक्रम कामन होगा। जबकि 30 फीसदी पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय को तैयार करना होगा। सूबे के सभी विवि और उससे संबद्ध कॉलेजों में इनोवेशन हब, डिजिटल लाइब्रेरी, वर्चुअल लैब और एकेडमिक डाटा बैंक स्थापित करने को कहा। इसके लिए वर्ष 2025 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।