2011 की भर्ती 2021 में मिली नौकरी, टीजीटी अभ्यर्थी का खत्म हुआ दस साल का इंतजार

(विनय मिश्रा)प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) 2011 की भर्ती के एक अभ्यर्थी को 10 साल बाद नौकरी मिल सकी है। टीजीटी विज्ञान विषय का परिणाम 5 अक्टूबर 2018 को घोषित हुआ जिसमें चयनित बदायूं के अक्षय मोहन को राधे लाल इंटर कॉलेज कछला बदायूं आवंटित हुआ, जबकि वहां विज्ञान विषय का पद खाली ही नहीं था।
अभ्यर्थी महीनों भटकता रहा जिसके बाद 3 जून 2019 को चयन बोर्ड ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखकर कार्यभार ग्रहण कराने को कहा। इसके जवाब में डीआईओएस बदायूं ने 10 जुलाई 2019 को चयन बोर्ड को पत्र लिखा कि पद खाली नहीं होने के कारण कार्यभार ग्रहण नहीं कराया जा सकता।
अक्षय ने 22 अगस्त 2019 को चयन बोर्ड को फिर से प्रत्यावेदन दिया लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसके बाद उसने हाईकोर्ट में याचिका की जिस पर कोर्ट ने 22 नवंबर 2019 को चार सप्ताह में अक्षय के प्रत्यावेदन निस्तारित करने का आदेश दिया। उसके एक साल बाद 24 दिसंबर 2020 को डीआईओएस बदायूं ने चयन बोर्ड को पत्र लिखकर महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज में एक पद खाली होने और उस पर अक्षय के समायोजन की अनुमति मांगी। इसकी अनुमति चयन बोर्ड ने 3 मार्च 2021 को दी है।

Exit mobile version