
पीसीएस 2021 की प्रारंभिक परीक्षा का मामला
किसी ने फोटो गलत लगाया तो कोई भूला हस्ताक्षर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस 2021) प्रारंभिक परीक्षा के लिए 11889 अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन में गलती है। इन अभ्यर्थियों ने या तो फोटो पर हस्ताक्षर नहीं किया है या फोटो अमान्य है या फिर निर्धारित प्रोफॉर्मा पर अपलोड नहीं की गई है। आयोग ने इन अभ्यर्थियों की सूचना अपनी वेबसाइट पर अपलोड करते हुए 10 से 17 मार्च तक सही फोटो व हस्ताक्षर पुन: अपलोड करने का अंतिम अवसर प्रदान किया है।
परीक्षा नियंत्रक अरविन्द कुमार मिश्र के अनुसार नियत तिथि के बाद इसके लिए कोई अवसर नहीं मिलेगा और न ही इस सम्बन्ध में किसी प्रत्यावेदन पर विचार किया जाना सम्भव होगा। गौरतलब है कि अंतिम तिथि 5 मार्च तक 6,91,173 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।