स्नातक में 50 प्रतिशत से कम अंक वाले बाहर

जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक व शिक्षक भर्ती मामला

( विनय मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में 1894 प्रधानाध्यापकों एवं सहायक अध्यापकों की भर्ती से उन अभ्यर्थियों को बाहर कर दिया गया है जिनके स्नातक में 50 प्रतिशत से कम अंक हैं। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने आवेदन शुरू होने के बाद वेबसाइट पर बिना तारीख के नोटिस चस्पा कर दी है कि स्नातक में 50 प्रतिशत से कम अंक होने की स्थिति में भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन न करें।
साथ ही ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने स्नातक में 50 प्रतिशत अंक नहीं होने के बावजूद ऑनलाइन आवेदन किया है उनके आवेदन पत्र निरस्त माने जाएंगे और भर्ती परीक्षा में सम्मिलित नहीं किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी है। सचिव ने इस अर्हता के लिए 18 फरवरी के शासनादेश और उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त बेसिक स्कूल (जूनियर हाईस्कूल) (अध्यापकों की भर्ती एवं सेवा की शर्तें) नियमावली 1978 (सातवां संशोधन) नियमावली 2019 की अधिसूचना 4 दिसंबर 2019 का हवाला दिया है।
स्नातक में 50 फीसदी से कम अंक वाले अभ्यर्थियों का मामला परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 72,825 प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती में भी उठा था। इन अभ्यर्थियों ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी और उन्हें राहत मिली। सरकार को 50 प्रतिशत से कम अंक वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देना पड़ा था। एडेड जूनियर हाईस्कूल की भर्ती में स्नातक में 50 प्रतिशत से कम अंक होने पर बाहर किए जा रहे अभ्यर्थी कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

Exit mobile version