
(अनुराग शुक्ला)।हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार)। मेला अधिष्ठान से गुहार लगाने के बाद भी छावनी के लिए भूमि उपलब्ध न होने से नाराज किन्नर अखाड़ा ने भूमि का इंतजाम कर लिया है।
बिल्डर द्वारा दी गयी दान की भूमि पर लगेगी छावनी
पेशे से बिल्डर व भाजपा पार्षद सुनील अग्रवाल गुडडू ने किन्नर अखाड़े को हरिद्वार-लक्सर मुख्य मार्ग पर छावनी के लिए निश्शुल्क भूमि उपलब्ध करा दी है। मंगलवार को किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर की अगुआई में भूमि पूजन किया गया। किन्नर अखाड़े ने भूमि में मूलभूत सुविधाएं मेला अधिष्ठान से ही उपलब्ध कराने की मांग की है। महाशिवरात्रि के स्नान पर्व में किन्नर अखाड़ा ने जूना अखाड़े के साथ ही स्नान किया था। किन्नर अखाड़ा फिलहाल ललतारौनदी में जूना अखाड़े की छावनी में कैंप कर रहा है, लेकिन वह मेला अधिष्ठान से अपने लिए अलग भूमि की मांग कर रहे थे। अब तक भूमि न मिलने पर किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने अपने मुंबई के एक परिचित के जरिये कनखल के बिल्डर एवं भाजपा पार्षद सुनील अग्रवाल गुड्डू से संपर्क साधा।