भोपाल। प्रदेश का लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) अब सड़क बनाने के लिए 3 हजार 200 करोड़ रुपए का कर्ज लेगा। इससे 2,143 किलोमीटर लंबाई के मुख्य जिला मार्ग बनाए जाएंगे। ये वे सड़कें हैं जो जिले के भीतर आवागमन और व्यापारिक नजरिए से काफी महत्वपूर्ण हैं। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने न्यू डेवलपमेंट बैंक से कर्ज लेने की हरी झंडी दे दी है। अब कैबिनेट से कर्ज लेने की मंजूरी लेकर जून तक सड़क बनाने वाली एजेंसी तय करने के लिए टेंडर निकाले जाएंगे।
प्रदेश के राज्य मार्गों को बनाने के बाद सरकार ने पूरा फोकस मुख्य जिला मार्गों पर कर दिया है। लोक निर्माण विभाग और सड़क विकास निगम मिलकर सड़कें बना रहा है। निगम ने न्यू डेवलपमेंट बैंक से लगभग डेढ़ हजार किलोमीटर मुख्य जिला मार्ग बनाने के लिए 3 हजार 200 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है। इस पर काम भी शुरू हो गया है। तेजी से काम के लिए सरकार एक बार फिर लोक निर्माण विभाग के लिए न्यू डेवलपमेंट बैंक से 3 हजार 200 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है। केंद्र सरकार ने इस पर सहमति भी दे दी है।
विभाग के प्रमुख अभियंता अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि प्रक्रिया अंतिम चरणों में है। हम कैबिनेट में प्रस्ताव लेकर जाने वाले हैं। मंजूरी मिलते ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी क्योंकि विदेशी कर्ज में यह शर्त रहती है कि पहले 30 फीसदी काम अवार्ड यानि एजेंसी तय हो जानी चाहिए। सड़कें डेढ़ या दो लेन की बनाई जाएंगी। इन सड़कों को मिलाकर प्रदेश में अब मुख्य जिला मार्ग 22 हजार किलोमीटर लंबाई से ज्यादा के हो जाएंगे।
16 सौ करोड़ से बनेंगे 379 पुल
इधर, न्यू डेवलपमेंट बैंक से 1 हजार 625 करोड़ रुपए का कर्ज लेकर 379 पुल बनाए जाएंगे। इसके लिए सोमवार-मंगलवार तक टेंडर बुलाने की तैयारी है। ये पुल राज्य राजमार्ग और मुख्य जिला मार्गों पर 2021 तक बनेंगे। इसके लिए कैबिनेट मंजूरी दे चुकी है।
राज्य के खजाने से बनेंगी चार हजार किमी सड़क
उधर, राज्य सरकार के खजाने से इस साल चार हजार किलोमीटर लंबाई की सड़कें विभाग बनाएगा। इसके लिए बजट में सात हजार करोड़ रुपए रखे गए हैं। साथ ही मौजूदा सड़कों के रखरखाव पर भी करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे।
ये प्रमुख सड़कें बनेंगी
– आमला-नलखेड़ा
– नागदा-महिदपुर
– उषापुरा सिंकदरी-बेटमा
– खेड़ी चेनपुरा-जामली
– चंदावड़-धामनोद
– पंधाना-बोरगांव
– खरगोन-ठीकरी
– सेंधवा-बरला
– लहार-सेवढ़ा
– पनिहार पगारा
– इंदरगढ़ कामद उन्नाव झांसी मार्ग
– शिवपुरी नगर में पूर्व एनएच का शहरी भाग
– मोहना पोहरी से एबी रोड
– नरवर-चितोड़ा
– मोहन्द्रा-कोटा
– देवपुरी-मुगलसराय
– लटेरी-नजीराबाद
– सिंहपुर-शोकलपुर नर्मदा तट
– शोभापुर-वनखेड़ी
– बाबई-सांगाखेड़ा
– सेमरी हरचंद-धपाड़ा
– बनखेड़ी-पौड़ी
– उड़ना-भेड़ाघाट
– सिवनीटोला-घाट पिपरिया
– कटनी-देवरी हटाई
– बरेला-निवास
– स्लीमनाबाद-बहोरीबंद