नए सिरे से परीक्षा कार्यक्रम तय करने में जुटी टीम

(अनंत पांडेय)प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पंचायत चुनाव के कारण यूपी बोर्ड परीक्षा की तिथियां टलना लगभग तय हो गई हैं। 24 अप्रैल से परीक्षाएं शुरू कराने की बजाय अब मई में शुरू कराने की तैयारी है। शासन के निर्देश पर मंगलवार को पूरे दिन यूपी बोर्ड मुख्यालय में हलचल बनी रही। सचिव दिव्यकांत शुक्ल गोपनीय विभाग की टीम के साथ नए सिरे से परीक्षा कार्यक्रम तय करने में जुटे रहे।

यूपी बोर्ड: पंचायत चुनाव के कारण परीक्षाएं टलनी तय

जानकारों के अनुसार यदि परीक्षा टलती है तो अब मई का पूरा महीना 10वीं-12वीं के पेपर कराने में निकल जाएगा। 27 मार्च को पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने की स्थिति में कम से कम 42 दिन चुनाव कराने में लगेंगे। यानि 8 मई तक चुनाव होगा। इसमें मतगणना शामिल नहीं है।
उसके बाद 9, 16, 23 व 30 मई को रविवार है। 14 मई को ईद उल फितर और 26 मई को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश पड़ रहा है। 10 मई से भी परीक्षा शुरू करते हैं तो बिना किसी गैप के लगातार 15 दिन परीक्षा कराने पर 31 मई को इंटरमीडिएट का अंतिम पेपर पड़ेगा। हाईस्कूल का पेपर जल्दी खत्म हो जाएगा क्योंकि उसके लिए 12 कार्यदिवसों की आवश्यकता पड़ती है।
पेपर टलने के कारण परिणाम भी जुलाई से पहले आने के आसार नहीं है। 24 अप्रैल से परीक्षा शुरू होने पर जून तक रिजल्ट घोषित हो सकता था। लेकिन मई के दूसरे सप्ताह में परीक्षाएं जाने पर जुलाई से पहले किसी सूरत में परिणाम जारी होने की उम्मीद नहीं है। 31 मई को परीक्षा खत्म होने के बाद तीन से चार दिन कॉपियों को मूल्यांकन केंद्र तक पहुंचाने में लग जाएंगे। उसके बाद कम से कम 15 दिन का समय कॉपियां जांचने में लगेगा। मूल्यांकन पूरा होने के तीन से चार सप्ताह में परिणाम घोषित होता है। इसलिए जुलाई से पहले रिजल्ट आना मुमकिन नहीं होगा।

Exit mobile version