
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । सनराइजर्स बगिया ने गत विजेता चबुतरी मैजिकल स्टार को सात विकेट से हराकर रसूलपुर प्रीमियर लीग (आरपीएल) के लिए खेली जा रही आठवीं स्वर्गीय हाजी एखलाक खां एवं बदरुद्दीन खां टेनिसबाल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली। इसके अलावा सैय्यदवाड़ा सुपरकिंग्स की टीम तुलसीपुर नाइटराइडर्स को 11 रन से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची।
एसए ग्रुप के तत्वावधान में एमआईसी मैदान पर खेली जा रही प्रतियोगिता में मंगलवार को हुए पहले सेमीफाइनल में चबुतरी मैजिकल स्टार ने 9.5 ओवर में 85 रन (मो. आरिफ 39, कलीम खान 19, अनस व शाहबाज दो-दो विकेट) बनाये। जवाब में सनराइजर्स बगिया ने 8.1 ओवर में 3 विकेट पर 86 रन (अनस अहमद 51 नाबाद, सुंदरम 1/31) बना लिये। अनस अहमद को मैन ऑफ दि मैच चुना गया।
इससे पूर्व खेले गये क्वार्टर फाइनल मैच में सैय्यदवाड़ा सुपरकिंग्स ने 10 ओवर में 85 रन (हमजा सिद्दीकी 38 नाबाद, कौनेन 2/22) बनाये। जवाब में तुलसीपुर नाइटराइडर्स की टीम 10 ओवर में 74 रन (सूफियान खान 32, नासिर आजम 3/20, मो. फरहान 2/09) ही बना सकी। आयोजन सचिव वार्ड नंबर 48 के पार्षद वसीम अहमद (गुड्डू) के अनुसार प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला जायेगा।