
(अनुराग शुक्ला) हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार)। बैरागी अखाड़ों के तीनों आणियों की धर्मध्वजा विधि-विधान के साथ स्थापित हुई है। इसके साथ ही बैरागी संतों के कुंभ को लेकर धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे।
कनखल स्थित बैरागी कैंप में शुक्रवार को तीनों बैरागी अणियों की धर्मध्वजा स्थापित की गई। इस अवसर पर सभी 13 अखाड़ों के प्रतिनिधि सहित कुंभ मेला अधिकारी दीपक रावत, आइजी संजय गुंज्याल भी मौजूद रहे। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि ने कहा कि आज तीनों बैरागी अखाड़े निर्वाणी, निर्मोही और दिगंबर अणि अखाड़ों की ध्वजा स्थापित की गई है। इसके साथ ही अखाड़ों में कुंभ की शुरुआत भी हो गई।
वहीं निर्मोही अणि अखाड़े के श्रीमहंत राजेंद्र दास ने बताया कि आज से धर्म ध्वजा के नीचे ही सभी कार्य किए जाएंगे। विधिवत तौर से आज से ही निर्मोही अखाड़े के कुंभ की शुरुआत हुई है। हमारे सभी साधु महात्मा हरिद्वार पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि हमारे ईष्ट देव हनुमान जी हैं। इसलिए हमने आज धर्म ध्वजा में हनुमान जी को आराध्य मानकर स्थापना की है।