
(अनुराग शुक्ला).हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार)। अपर मेलाधिकारी (कुंभ) हरबीर सिंह की पिटाई करने वाले संतों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी गई है। हरिद्वार के अधिवक्ता अरुण भदौरिया ने बैरागी कैंप स्थित कुंभ थाना में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि षड्यंत्र रचकर अपर मेलाधिकारी हरबीर सिंह को धोखे से अखाड़े में बुलाया गया और फिर उन पर जानलेवा हमला किया। तहरीर में संतों पर कार्रवाई की मांग की गई है। आपको बता दें कि अपर मेलाधिकारी हरबीर सिंह गुरुवार देर शाम बैरागी कैंप स्थित पंचायती श्री निर्मोही अणि अखाड़ा गए थे। अखाड़े में देर शाम तक भी विद्युत सप्लाई सुचारू न होने से नाराज कुछ संतों ने उनकी पिटाई की थी। बीच-बचाव में आए पीआरडी जवान को भी बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह बेहोश हो गया। हमले में अपर मेलाधिकारी भी घायल हुए। मगर उन्होंने पुलिस को तहरीर देने से मना कर दिया था। इस मामले में हरिद्वार के अधिवक्ता अरुण भदौरिया ने बैरागी कैंप स्थित कुंभ थाना में तहरीर दी और कुछ संतों पर कई आरोप लगाए। वहीं, कुंभ मेला एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।