
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के चलते बोर्ड परीक्षाओं की तिथियों पर बना असमंजस जल्द दूर होगा।
पंचायत चुनाव के दसवीं और बारहवीं की परीक्षा पर असमंजस
इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं और अगले एक-दो दिन में हाईस्कूल और इंटर परीक्षा का नया टाइम-टेबल जारी किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि 29 अप्रैल को पंचायत चुनाव समाप्त होते बोर्ड परीक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी। यानी यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटर की परीक्षाएं मई में पूरी करा ली जाएंगी।
राज्य के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने मीडिया को बताया था कि पंचायत चुनाव की तारीखें फाइनल होने के बाद ही बोर्ड परीक्षाओं पर कोई निर्णय किया जाएगा। सरकार परीक्षाएं समय पर कराने की कोशिश में है। यूपी बोर्ड ने पहले 24 अप्रैल से परीक्षाएं शुरू करने का कार्यक्रम जारी किया था। लेकिन चुनाव के चलते जल्द ही संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जा सकता है। आपको बता दें कि पंचायत चुनाव के नतीजे 02 मई को जारी होंगे। इस हिसाब से देखें तो दो मई बाद किसी भी दिन परीक्षाएं शुरू हो सकती हैं।
इधर परीक्षाओं को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न जिलों के परीक्षा केंद्रों के लिए कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी को फाइनल रूप दिया जा रहा है। राज्य के विभिन्न विद्यालयों में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती को अंतिम रूप दिया जा रहा है।