
(अनुराग शुक्ला)प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण के तीव्रता का अंदाजा आप मंगलवार को सामने आई रिपोर्ट से लगा सकते हैं। 24 घंटे में कोरोना के 1084 नए संक्रमित मामले मिले हैं। एक दिन में इतने अधिक लोगों में संक्रमण इससे पहले कोविड-19 महामारी के दौर में कभी नहीं मिला। एक दिन पहले सोमवार को 652 नए संक्रमित मिले थे। सोमवार को मिले संक्रमितों की संख्या इससे पौने दो सौ अधिक है। वहीं चार लोगों की मौत भी हो गई।
सीएमओ कार्यालय से जारी रिपोर्ट बताती है कि रविवार को जो 5714 लोगों के नमूने की जांच में 652 लोग पॉजिटिव रिपोर्ट वाले मिले हैं जबकि 7535 लोगों ने जांच के लिए अपने सैंपल दिए हैं। लेवल थ्री कोविड अस्पताल में सोमवार शाम तक 182 लोग भर्ती रहे। इनमें कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई गई। एक-दो लोग वेंटिलेटर पर भी हैं। अस्पताल के अधीक्षक डा. सुजीत वर्मा ने बताया कि और भी वार्ड कोरोना मरीजों के लिए खोले जा रहे हैं। बेड की संख्या 300 से अधिक की जा रही है। वहीं लेवल टू श्रेणी के बेली चिकित्सालय में भी 33 मरीज भर्ती हो चुके हैं।
कोरोना से सोमवार को 75 लोगों को निजात भी मिली। कोविड अस्पताल से 18 तथा होम आइसोलेशन से 57 लोगों को पूरी तरह स्वस्थ हो जाने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। कोरोना से संक्रमित लोगों में वासुदेव डिग्री कालेज मेजा के प्रधानाचार्य, जगत तारन इंटर कालेज के शिक्षक, सुग्गी देवी इंटर कालेज हनुमानगंज की शिक्षक, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर भी शामिल हैं।