लखनऊ। विधान परिषद की एक सीट पर बसपा के भीमराव अम्बेडकर को समर्थन करने के बाद समाजवादी पार्टी ने दूसरी सीट पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को उम्मीदवार बनाया है. नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को नरेश उत्तम पटेल ने पर्चा दाखिल किया. वहीं, बीजेपी ने 10 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. 11वीं सीट पर बीजेपी ने अपना दल के आशीष सिंह को प्रत्याशी बनाया है. सभी दलों के प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है.
गौरतलब है कि विधान परिषद के 13 सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होना है. लेकिन अब सभी प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय है, क्योंकि किसी ने भी अतिरिक्त प्रत्याशी नहीं खड़ा किया है. दरअसल, बीजेपी अपने संख्या बल के हिसाब से 11 प्रत्याशियों को उच्च सदन भेज सकती है जबकि सपा ने अपने दो लोगों की जगह एक सीट पर बसपा को समर्थन दिया है. बाकी बचे एक सीट पर नरेश उत्तम पटेल विधान परिषद जाएंगे.
विधान परिषद की रिक्त हुई 13 सीटों में से सबसे ज्यादा समाजवादी पार्टी के ही हैं. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी सीट इसमें शामिल है, लेकिन अखिलेश ने खुद को उच्च सदन नहीं भेजते हुए नरेश उत्तम पटेल को भेजने का फैसला किया है.
इससे पहले, रविवार को बीजेपी ने अपने 10 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी थी. इसमें सरकार के मंत्री महेन्द्र सिंह और मोहसिन रज़ा के अलावा सरोजिनी अग्रवाल, बुक्कल नवाब, यशवंत सिंह, जयवीर सिंह, विद्यासागर सोनकर, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया और अशोक धवन शामिल हैं. 11वीं सीट के लिए बीजेपी ने अपना दल (सोनेलाल) के आशीष सिंह पटेल समर्थन दिया है. बीजेपी और अपना दल के सदस्यों ने भी सोमवार को नामांकन दाखिल किया. अब 13 सीटों के लिए 13 प्रत्याशी ही मैदान में हैं. लिहाजा सभी के निर्विरोध चुने जाने की संभावना है.
गौरतलब है राज्य में सत्तारूढ़ दल और सहयोगियों की 403 सदस्यीय विधानसभा में 324 सदस्य हैं. इसलिए आंकड़ों के आधार पर 13 में से 11 सीटों पर बीजेपी की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है.