अब 21 अप्रैल तक करें ऑनलाइन आवेदन माशिसे: टीजीटी एवं प्रवक्ता भर्ती का मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा (माशिसे) चयन बोर्ड ने प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी एवं प्रवक्ता भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 11 से बढ़ा कर 21 अप्रैल कर दी है। आवेदन शुरू होने के बाद से चयन बोर्ड की वेबसाइट में तकनीकी समस्या के चलते अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पा रहे थे। अभ्यर्थियों ने चयन बोर्ड की वेबसाइट एवं सर्वर की गड़बड़ी दूर करने के साथ आवेदन की तिथि कम से कम 10 दिन बढ़ाने की मांग की थी।
ज्ञात हो कि चयन बोर्ड की ओर से एडेड माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी एवं प्रवक्ता के 15198 पदों पर भर्ती के लिए 15 मार्च को विज्ञापन जारी किया गया। अब पंजीकरण 21 अप्रैल, ऑनलाइन शुल्क जमा करने की तिथि 23 अप्रैल, ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने की तिथि 25 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। चयन बोर्ड सचिव की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि 25 अप्रैल के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version