
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जनपद में नए कोरोना संक्रमितों की संख्या रिकार्ड तोड़ रही है। शुक्रवार को अब तक के सर्वाधिक 1419 नए संक्रमित मिले। लगातार तीसरे दिन संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार के पार रहा। बृहस्पतिवार को 1129 संक्रमित मिले थे, जबकि बुधवार को 1076 महामारी की चपेट में आए। पिछले 24 घंटे के अंतराल में छः लोगों की मौत उपचार के दौरान हुई। जिले में अब तक कोरोना वायरस से हुई मौत का ग्राफ 438 पहुंच गया है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एके तिवारी के अनुसार, गुरुवार को जांच में सर्वाधिक 1129 संक्रमित मिले। वहीं पहले से संक्रमित 121 का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है। एसआरएन से 31 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जगह-जगह 9578 लोगों की जांच की गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर भी पत्नी सहित कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। वे अपना इलाज कराने के लिए लखनऊ चले गए। कई अधिवक्ता, इंजीनियर और शिक्षक भी कोरोना पॉजिटिव हुए हैं।