
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मां भगवती के स्तुति पर्व नवरात्र में चहुंओर भक्तिमय माहौल है। सनातन धर्मावलंबी मइया को रिझाने के लिए भजन-कीर्तन में लीन हैं। नवरात्र के तीसरे दिन मइया के चंद्रघंटा स्वरूप का पूजन किया जा रहा है। भक्त मां चंद्रघंटा के स्वरूप का पूजन करके उनसे आत्मबल बढ़ाने की कामना कर रहे हैं। प्रयागराज में चंद्रघंटा स्वरूपा मां खेमा मायी के दरबार में भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। मइया को नारियल, चुनरी व माला अर्पित करके परिक्रमा का सिलसिला चल रहा है। जबकि शाम को मइया की महाआरती उतारकर जनकल्याण की कामना की जाएगी। नवरात्र के तीसरे दिन अन्य देवी मंदिरों में मइया के चंद्रघंटा स्वरूप का श्रृंगार व पूजन किया जा रहा है। मीरापुर स्थित शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में पूजन-अर्चन को भक्त जुटे हैं। मंदिर समिति के महामंत्री श्याम जी पाठक ने सुबह मंत्रोच्चार के बीच मइया का रत्नजडि़त आभूषणों से श्रृंगार करके विधि-विधान से पूजन किया। मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन करने के लिए दूर-दूर से भक्त मंदिर आए हैं।