(अनुराग शुक्ला) हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार)।श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े और श्री पंच शंभू अटल अखाड़े ने अपने अखाड़ों में कुंभ समाप्ति की घोषणा कर दी है। इसके तहत दोनों अखाड़ों ने बाहर से आए संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं से अपने मूल स्थान पर जाने का आग्रह किया है। वहीं, अब जूना अखाड़े में कुंभ के निमित्त कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत के बाद जूना अखाड़े ने अपने अखाड़े में कुंभ समाप्ति की घोषणा की। इसके बाद श्री पंच शंभू अखाड़े ने भी अपने अखाड़े में कुंभ समाप्ति की घोषणा की। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि अपने अखाड़े में कुंभ का विसर्जन कर दिया है और अब अखाड़े में कुंभ के निमित्त कोई कार्य नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही अग्नि और आह्वान और किन्नर अखाड़े का कुंभ भी समाप्त हो गया है, क्योंकि यह सभी जूना अखाड़े के साथ ही कुंभ के आयोजन में शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि यह फैसला कोरोना वायरस संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए लिया गया है।