
( अनंत पांडेय )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना की रोकथाम के लिए प्रयागराज का नोडल अधिकारी मंडलायुक्त संजय गोयल को बनाया गया है। उनके नेतृत्व में टीम ग्रामीण क्षेत्रों में महामारी की रोकथाम करेगी। साथ ही जिले की हर न्याय पंचायत में एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। कुल 212 मजिस्ट्रेट तैनात होंगे जो गांवों में महामारी रोकने लिए काम करेंगे। इन मजिस्ट्रेटों को शनिवार को एएमए सभागार में प्रशिक्षण दिया गया।
इन दिनों कोरोना संक्रमण गांवों में तेजी से फैल रहा है। इससे शासन की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। प्रयागराज में जिला स्तरीय समिति का नोडल अधिकारी मंडलायुक्त को बनाया गया है। निगरानी समिति की सुनवाई करने की जिम्मेदारी सीडीओ शिपू गिरि, पीडी डीआरडीए केके सिंह, डीसी मनरेगा कपिल कुमार, उपायुक्त श्रम राकेश द्विवेदी, डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव को दी गई है। ब्लॉक स्तर पर बीडीओ और एडीओ को जिम्मा सौंपा गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर भी अधिकारियों की तैनाती की गई है। टीम को एएमए सभागार में सीडीओ ने जानकारी दी। टीम को कैसे काम करना है। टास्क फोर्स के पास मेडिकल किट है या नहीं, उन्हें काम में क्या परेशानी आ रही है, लक्षण वाले मरीजों के साथ क्या करना है, इसकी पूरी जानकारी दी गई।