
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण गंगा और अन्य नदियों में मछली पकड़ने के लिए पट्टा देने की प्रक्रिया टाल दी गई है। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद इस प्रक्रिया पर मत्स्य विभाग बदले नियमों के तहत पट्टा देगा।
गंगा और अन्य नदियों में मछली पकड़ने वालों की ओर से मांग की गई थी कि जीविकोपार्जन के लिए उन्हें मछली पकड़ने की अनुमति दी जाए। शासन की ओर से विचार विमर्श करके कुछ स्थानों पर मछली पकड़ने की अनुमति गंगा और अन्य नदियों के लिए दी गई थी, लेकिन कोरोना काल में इसके लिए पट्टा देने की प्रक्रिया पर अब रोक लगा दी गई है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मस्त्य एसआर यादव ने बताया कि गंगा में पट्टा देने के लिए तहसील स्तर पर एसडीएम की अगुवाई में टीमों ने सर्वे कर लिया है। संक्रमण के कारण पट्टा नहीं दिया गया। कोरोना काल के बाद नए नियमों के तहत पट्टा दिया जाएगा। दो दर्जन से अधिक समितियों को मछली पकड़ने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पट्टा दिया जाएगा।