
गुरु के समर्थन में 13 अखाड़ों के अलावा अन्य प्रमुख धर्मगुरु खड़े हुये
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। श्रीनिरंजनी अखाड़ा, श्री मठ बाघम्बरी गद्दी और बड़े हनुमान मंदिर प्रयागराज से निष्कासित किए गए योग गुरु स्वामी आनंद गिरि अब अखाड़ा परिषद से असंतुष्ट महात्माओं के जरिए ताकत बढ़ाने का प्रयत्न कर रहे हैं। उनके गुरु अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि के समर्थन में 13 अखाड़ों के अलावा अन्य प्रमुख धर्मगुरु खड़े हैं। स्वामी आनंद गिरि के साथ कोई खुलकर खड़ा होने को तैयार नहीं है। इसलिए वह 13 अखाड़ों से निष्कासित और परिषद की तरफ से फर्जी धर्मगुरु घोषित महात्माओं से संपर्क साध रहे हैं।
अखाड़ों के महात्माओं की बैठक टली
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। गुरु-शिष्य विवाद को लेकर होने वाली अखाड़ों के महात्माओं की बैठक टल गई है। पहले 23-24 मई को बैठक होनी थी लेकिन, जूना अखाड़ा के दो महात्मा ब्रह्मलीन हो गए हैं। जूना अखाड़ा के मुख्य संरक्षक व अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरि उन्हें समाधि दिलाएंगे। साथ ही ब्रह्मलीन महात्माओं की जिम्मेदारी दूसरे को दी जाएगी। नए महात्मा का चयन प्रक्रिया पूरी करने में कुछ दिन लगेंगे। इसी कारण उनका प्रयागराज आना स्थगित हो गया है। अब वह जून के प्रथम सप्ताह में प्रयागराज आएंगे। उसी दौरान समस्त अखाड़ों के महात्माओं के साथ बैठक होगी।
*फेक आइडी बनाने की शिकायत*
हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार )। आनंद गिरि ने बताया कि किसी ने उनकी फेसबुक की फेक आइडी बनाकर उसमें फर्जी वीडियो डाली थी, जिसमें वह किसी महिला से बात कर रहे हैं। बताते हैं कि वीडियो डालने के तुरंत बाद उसे हटा भी लिया गया। उन्होंने प्रयागराज के एसएससी व साइबर सेल से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है। आइडी किसने बनाई? इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। कहा कि पुलिस जांच करके सच्चाई का पता लगाएगी।