केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त पढ़ाई का बड़ा फैसला

रज्जू भइया राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध दो महाविद्यालय में मिलेगी सुविधा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण काल में प्रयागराज के नवाबगंज स्थित जायसवाल ग्रुप ऑफ एजुकेशन ने बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले की सराहना की जा रही है। प्रबंधन ने केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई मुफ्त में पढ़ाने का फैसला लिया है। प्रबंधक लक्ष्मी नारायण जायसवाल और संस्थापक राकेश जायसवाल ने बताया प्रोफेसर राजेंंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय से सम्बद्ध उनके दो महाविद्यालय हैं। नवाबगंज में रामदुलारी बच्चु लाल जायसवाल महाविद्यालय और लालगोपालगंज के निंदुरा स्थिति मेवालाल जायसवाल पीजी कॉलेज में यह सुविधा दी जाएगी।
जायसवाल ग्रुप ऑफ एजुकेशन के प्रबंधक लक्ष्मी नारायण जायसवाल ने बताया कि कोरोना महामारी में तमाम लोग काल कवलित हो चुके हैं। इस लिहाज से कई बच्चों के सिर से अभिभावक का साया छिन गया है। ऐसे में प्रबंधक लक्ष्मी नारायण जायसवाल ने महाविद्यालय के संस्थापक राकेश जायसवाल के साथ अहम बैठक की। इसके बाद यह निर्णय लिया गया कि जिन बच्चों ने कोरोना से अपने अभिभावकों को खो दिया है, उन्हें मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
यह प्रयागराज का पहला ऐसा महाविद्यालय है, जो लगातार समाजसेवा भी कर रहा है। यहां गरीब बेटियों को मुफ्त शिक्षा दी जाती है। कोरोना की पहली लहर में महाविद्यालय प्रबंधन की तरफ से प्रवासियों को भोजन की व्यवस्था भी कराई गई थी। इसके अलावा महाविद्यालय के संस्थापक राकेश जायसवाल और प्रबंधक लक्ष्मी नारायण जायसवाल समाज में घूमकर लोगों से उनकी व्यथा भी सुनते हैं। इसके बाद उस समस्या का निवारण भी करते हैं।

Exit mobile version