अतिथि प्रवक्ताओं का बढ़ा कार्यकाल, अब एक जुलाई तक ले सकेंगे ऑनलाइन कक्षाएं

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में मौजूदा शैक्षिक सत्र में अतिथि प्रवक्ताओं (गेस्ट फैकल्टी) का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। अब वह एक जुलाई तक ऑनलाइन कक्षाएं ले सकेंगे। यह निर्णय कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने सभी संकायों के डीन और विभागाध्यक्ष की सहमति पर लिया है। कुलपति के निर्देश पर रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल ने निर्देश जारी कर दिया है।

ज्ञात हो कि इविवि एवं कॉलेजों में स्नातक, परास्नातक समेत इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के पाठ्यक्रम अभी पूरे नहीं हुए हैं। कोरोना की वजह से कक्षाएं ऑनलाइन मोड में संचालित की जा रही हैं। इसी बीच अतिथि प्रवक्ताओं का कार्यकाल भी पूरा हो गया। इससे पाठ्यक्रम पूरा करना भी बड़ी चुनौती थी। ऐसे में कुलपति ने ऑनलाइन मोड में इस मसले को लेकर सभी संकायों के डीन के अलावा विभागाध्यक्ष और विभिन्न सेंटर के को-आर्डिनेटर के साथ बैठक की। इस मसले पर लंबी चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि उन अतिथि प्रवक्ताओं का कार्यकाल बढ़ाया जाए जिन पाठ्यक्रमों की परीक्षा जुलाई-अगत में प्रस्तावित हैं।
इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष तथा परास्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष की परीक्षा जुलाई-अगस्त में संभावित है। अत: वे अतिथि प्रवक्ता जो इन कक्षाओं को पढ़ा रहे हैं, उनकी सेवा अवधि का विस्तार 16 मई से बढ़ाकर एक जुलाई तक किया गया है। अन्य सभी कक्षाओं से जुड़े हुए अतिथि प्रवक्ताओं की सेवा अवधि पूर्व निश्चित समय तक के लिए ही थी।

Exit mobile version