प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। समाजवादीपार्टी के जिला अध्यक्ष योगेश चन्द्र यादव ने अख़बारों, मीडिया में आए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख पद पर कब्जा जमाने की फ़िराक़ मे भाजपा के नेता एवं उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य सत्ता का इस्तेमाल कर सदस्यों एवं जनता को गुमराह कर रहे हैं l श्री यादव ने कहा कि पिछले दिनों भी भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कुछ ऐसे जिला पंचायत सदस्यों के शामिल होने की झूठी खबर प्रचारित की गई थी जो दूसरे ही दिन भाजपा के दावे को खारिज कर सपा कार्यालय में पहुंचे थे l
उन्होंने कहा है कि भाजपा सत्ता के दुरूपयोग, लालच, दबाव, डर, प्रशासन का खौफ पैदा कर सदस्यों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है l यदि ऐसा करने से बाज नहीं आए तो सपा के कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे l जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सपा उम्मीदवार श्रीमती मालती यादव एडवोकेट ने कहा है कि जिला पंचायत के सदस्यों का भारी समर्थन मिल रहा है l पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए अधिकांश सदस्यों के समर्थन से वह बेहद उत्साहित हैं l कहा कि भाजपा अपने कर्मों का फल अवश्य भोगेगी।