इविवि: 15 तक घोषित होगा स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में प्रोन्नत हुए स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम 15 जून से पहले घोषित कर दिया जाएगा। प्रोन्नत के बाद बीए, बीएससी एवं बीकॉम अंतिम वर्ष का परिणाम नहीं जारी किया गया था।
कोरोना के चलते स्नातक के द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्रों को प्रोन्नत किए जाने का निर्णय लिया गया है। इन छात्रों को पिछले वर्ष में मिले अंक को आधार मानते हुए सात फीसदी अतिरिक्त अंक के साथ प्रोन्नत किया जाना है। ऐसे में छात्र इविवि प्रशासन पर लगातार जल्द परिणाम जारी करने का दबाव बना रहे थे। छात्रों का कहना था कि दारोगा भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून तक बढ़ा दी गई है। आवेदन के लिए वही अभ्यर्थी अर्ह की श्रेणी में आएंगे, जो अंतिम तिथि से पूर्व स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके हों। इविवि प्रशासन ने भी छात्रहित में जल्द परिणाम जारी करने का निर्णय लिया है। ताकि, वह भर्ती में हिस्सा लेने से वंचित नहीं रह सकें। सूत्रों की माने तो पीजी के परिणाम भी जारी किए जाने की तैयारी है।
इविवि के असिस्टेंट पीआरओ डॉ. चित्तरंजन कुमार ने कहा कि 15 जून 2021 से पहले स्नातक अंतिम वर्ष के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। बीए, बीकॉम, बीएसी के छात्रों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय इस पर गंभीरता से काम कर रहा है।

Exit mobile version