
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। डाकघरों में रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट के अलावा अब जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र भी लोग बनवा सकेंगे। लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इलाहाबाद डिवीजन के 35 डाकघरों में कॉमन सर्विस सेंटर खोले जाएंगे।
इन कॉमन सर्विस सेंटर में पीएम आवास, पीएम किसान सम्मान निधि, विधवा, वृद्धा पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। डाकघरों में कॉमन सर्विस सेंटर खोलने के लिए डाक निदेशालय से स्वीकृत मिल चुकी है। किन-किन डाकघरों में कॉमन सर्विस सेंटर खोला जाएगा इसका सर्वे भी हो चुका है। एक माह के भीतर सुविधा शुरू हो जाएगी। प्रवर डाक अधीक्षक संजय डी अखाड़े ने बताया कि कॉमन सर्विस सेंटर सभी कार्य दिवस पर खुलेंगे। डाकघरों में खुलने वाले सर्विस सेंटर में 65 तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे डाक विभाग को आर्थिक आय तो बढ़ेगी ही लोगों को जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा। बताया कि सबसे पहले प्रधान डाकघर, कचहरी डाकघर, हंडिया डाकघर और कौशाम्बी के मंझनपुर के प्रमुख डाकघर में खुलेगा।