रेलवे के इलेक्ट्रिक रूट का ट्रायल सफल

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रेलवे ने ऊंचडीह-मेजा पावर प्लांट रेलमार्ग का विद्युतीकरण पूरा कर लिया है। रेलवे अफसरों ने इस नए इलेक्ट्रिक रूट पर सोमवार को मालगाड़ी का सफल ट्रायल भी लिया। विद्युतीकरण की वजह से गाड़ी को वहां जाने-आने में काफी कम समय लगा। अभी तक डीजल पावर से प्लेसमेंट के दौरान शंटिंग में 35-35 मिनट लग जाते थे। इलेक्ट्रिक रूट होने से अब काफी समय की बचत होगी। साथ ही परिचालन क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों की गति में भी सुधार होगा। लूप लाइन ब्लाक होने से भी बच जाएगी।
दरअसल, प्रयागराज मंडल के पीडीडीयू जंक्शन-गाजियाबाद रेलखंड से जुड़े ऊंचडीह से मेजा पावर प्लांट मार्ग पर डीजल इंजन वाली माल गाड़ियां चलाई जाती थीं। करीब 27 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर मालगाडिय़ों के आवागमन के दौरान पीडीडीयू जंक्शन-गाजियाबाद रेलखंड पर लंबी दूरी की सवारी ट्रेनें भी प्रभावित होती थीं। विद्युतीकरण के बाद सोमवार को इलेक्ट्रिक पावर के साथ मेजा ऊर्जा निगम पावर लिमिटेड साइडिंग में सफल ट्रायल किया गया। यह रूट इलेक्ट्रिक पावर द्वारा दोपहर 12:05 बजे उंचडीह से रवाना किया गया और दोपहर 01:35 बजे पावर प्लांट की साइडिंग एनटीपीसी में प्लेस किया गया। अब मुख्य रेलमार्ग पर लंबी दूरी वाली ट्रेनें समय पर निकाली जा सकेंगी। इस विद्युतिकरण कार्य से रेल नेटवर्क पर कोयले का परिवहन निर्बाध त्वरित रूप से सुनिश्चित हो सकेगा।

Exit mobile version