
84 मतों में भाजपा के वीके सिंह को 51 मत मिले, जबकि सपा की मालती देवी को 33 मत मिले
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के वीके सिंह की जीत हुई। 84 मतों में भाजपा के वीके सिंह को 51 मत मिले, जबकि सपा की मालती देवी को 33 मत मिले। चुनाव परिणाम आने के तत्काल बाद सपा सदस्यों ने भाजपा व प्रशासन पर आरोप लगाया। विरोध-प्रदर्शन के दौरान सपाइयों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद लाठी चार्ज की नौबत आ गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान शनिवार सुबह 11 बजे पंचायत भवन में शुरू हुआ। पर्यवेक्षक अनिल कुमार, जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री और डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी पूरे दिन पंचायत भवन में मौजूद रहे। सुबह 11:30 बजे तक महज एक ही सदस्य ने वोट किया था। दोपहर 12 बजे के करीब सपा के एमएलसी डॉ. मान सिंह 39 सदस्यों को साथ लेकर पंचायत भवन पहुंचे। उन्होंने उस वक्त दावा कि 10 और सदस्य पीछे आ रहे हैं। इसके कुछ देर बाद भाजपा नेता रेखा सिंह अपने साथ 12 सदस्यों को लेकर पहुंचीं, जिसमें पांच महिलाएं थीं। इस बीच इक्का-दुक्का मतदान चलता रहा। अंदर के माहौल की जानकारी न मिलने के कारण कचहरी के करीब बैरिकेडिंग के दूसरे छोर पर सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ने लगा। उन्होंने सपा एमएलसी डॉ. मान सिंह व जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र को अंदर भेजने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया। आरोप लगाया कि भाजपा अपने वोटरों के मास्क में चिप लगाए हुए हैं, जिससे मतदान की पूरी प्रक्रिया मालूम चल रही है। इसकी शिकायत सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से की गई। सपा नेताओं ने निर्वाचन आयोग को भी शिकायत करने की बात कही। बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर प्रवेश के चक्कर में पुलिस से झड़प हुई। इस पर पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। जिला निर्वाचन कार्यालय के अफसरों ने बताया कि दोपहर तीन बजे तक सभी 84 सदस्यों ने मतदान कर दिया था। दोपहर तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। लगभग सवा घंटे मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी वीके सिंह को विजेता घोषित किया गया। उन्होंने मालती देवी को 18 मतों से पराजित किया।