कल खुल जाएगी बेली अस्पताल की ओपीडी

( अनंत पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कोरोना की तीसरी लहर की तैयारी के साथ ही सरकारी अस्पतालों में धीरे-धीरे ओपीडी खोली जा रही हैं। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय और काल्विन अस्पताल के बाद अब बेली अस्पताल की ओपीडी भी आठ जुलाई से खुल जाएगी। हालांकि तीन महीने बाद भी इसे आंशिक रूप से ही खोला जा रहा है। ओपीडी में मरीजों की भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी। सिर्फ 30 मरीज ही एक ओपीडी में देखे जाएंगे। वहीं जरूरत पड़ने पर बेली को कभी भी कोविड-19 अस्पताल बनाया जा सकता है।
कोरोना की दूसरी लहर में तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय (बेली अस्पताल) की ओपीडी बंद कर दी गई थी। एक अप्रैल को इसे कोविड-19 का लेवल-टू अस्पताल बना दिया गया था। कोरोना मरीजों की संख्या में कमी आने के बाद भी इसे रिजर्व में रखा गया था। यहीं पर तीसरी लहर से लड़ने की तैयारियां चल रही थीं। स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था, लेकिन अब एक बार फिर से बेली अस्पताल की ओपीडी आंशिक रूप से आठ जुलाई से शुरू हो जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किरण मलिक ने बताया कि आंशिक तौर पर निर्धारित ओपीडी खोलने का निर्णय लिया गया है। ओपीडी, इमरजेंसी, फीवर क्लीनिक और आईपीडी का संचालन किया जाएगा। इसमें सिर्फ अतिआवश्यक सर्जरी की जाएगी। यह भी बताया कि यह चिकित्सालय अब तक कोविड 19 लेवल 2 चिकित्सालय के रूप में नोटीफाइड है। इसलिए इसे आंशिक रूप से ही संचालित किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर कभी भी कोविड 19 चिकित्सालय घोषित कर दिया जाएगा।

Exit mobile version