लोक अदालत: 354 मुकदमे निस्तारित, दिलाया नौ करोड़ मुआवजा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। हाईकोर्ट में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत ने 354 मुकदमों का सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण कर पक्षकारों को नौ करोड़ से अधिक का प्रतिकर दिलाया। उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के सचिव अशोक कुमार श्रीवास्तव के अनुसार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संरक्षक कार्यवाहक मुख्य न्यायमूर्ति एमएन भंडारी व उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर के निर्देश के क्रम में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में हाईकोर्ट में छह कोर्ट बैठीं। इन कोर्ट में न्यायमूर्ति डॉ केजे ठाकर, न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल, न्यायमूर्ति एसडी सिंह, न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय, न्यायमूर्ति पंकज भाटिया एवं न्यायमूर्ति एसएस शमशेरी ने समझौते के आधार पर 354 मुकदमों का निस्तारण कर पक्षकारों को नौ करोड़, 20 लाख, 38 हजार, 938 रुपये दिलाए।

इनसेट…

*डीआरटी ने 43 करोड़ से ज्यादा की वसूली के 11 मामले निपटाए*

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । ऋण वसूली अधिकरण (डीआरटी) ने राष्ट्रीय लोक अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल सुनवाई कर 43 करोड़ से अधिक की वसूली के 11 मामलों का निस्तारण कर दिया।
अधिकरण के सहायक निबंधक राम शंकर के अनुसार डीआरटी के पीठासीन अधिकारी आरएम कुशवाहा ने राष्ट्रीय लोक अदालत में वर्चुअल सुनवाई का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि सुलह समझौते के आधार पर वकीलों, बैंकों व वादकारियों और अधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से विभिन्न बैंकों की 43.33 करोड़ की बकाया राशि के 11 मामलों का निस्तारण 28.13 करोड़ रुपये में किया गया।

Exit mobile version