
संकट में आरपीएफ की टीम आकर करती हैं सहायता, 45 से 50 महिलाओं का प्रतिदिन नोट किया जाता है विवरण
( अनंत पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) की महिला विंग ने मेरी सहेली अभियान के तहत महिला यात्रियों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। प्रयागराज मंडल में कुल आठ टीमें सक्रिय हैं। इनमें प्रयागराज में तीन टीम, कानपुर सेंट्रल में तीन व अलीगढ़ में दो टीमें शामिल हैं। ये टीमें अकेले सफर कर रही महिला यात्रियों को संबल दे रही हैं। साथ ही किसी भी तरह की समस्या होने पर महिला हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आरपीएफ का मेरी सहेली अभियान ऐसी महिला मुसाफिरों के लिए फायदेमंद हो रहा है। खासकर जो अकेले यात्रा करती हैैं। आरपीएफ की महिला कांस्टेबल ऐसी यात्रियों को किसी भी समस्या अथवा संकट में मदद देती हैैं। महिला यात्री का विवरण प्लेटफार्म ही नोट कर लिया जाता है। फिर यह कांस्टेबल जानकारी मिलने पर अगले ठहराव अथवा कंट्रोल रूम को सूचित करती हैैं। 25 अक्टूबर 2020 से 30 जून 2021 तक कुल 11967 महिला यात्रियों को मदद पहुंचाई गई है। प्रयागराज में 4995, कानपुर सेंट्रल में 5083 व अलीगढ़ में 1889 महिला यात्रियों को अभियान फायदा मिल चुका है।
आरपीएफ प्रयागराज पोस्ट के प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि ‘मेरी सहेली टीम में दो एसआइ रीतू व ज्योति के अलावा महिला कांस्टेबल गीता, प्रियंका, कुसुम, पूजा, सपना, प्रेम कुमारी व प्रीति आदि शामिल हैं। प्रतिदिन करीब 45 से 50 महिलाओं का विवरण (नाम, ट्रेन नंबर, पीएनआर, कोच व बर्थ नंबर) नोट किया जाता है। ताकि समस्या होने या शिकायत मिलने पर अगले ठहराव पर समाधान कराया जा सके।